logo

सरायकेला में दो रेल हादसे, ट्रेन से गिरकर एक की मौत, ट्रैक पार करते समय दूसरे ने भी गंवाई जान

सरायकेला में दो रेल हादसे, ट्रेन से गिरकर एक की मौत, ट्रैक पार करते समय दूसरे ने भी गंवाई जान

सरायकेला
सरायकेला में आज दो अलग-अलग रेल हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला के सदर अस्पताल भेज दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है.
चलती ट्रेन से गिरने से हुई सुधीर सिंह की मौत
पहली घटना सरायकेला थाना क्षेत्र के कोलेबिरा रेलवे पुलिया के पास की है, जहां ट्रैक किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान 29 वर्षीय सुधीर सिंह के रूप में हुई है, जो देवघर जिले के जसीडीह के रहने वाले थे. जानकारी के अनुसार, सुधीर सिंह राजकोट से जमशेदपुर आ रहे थे. इसी दौरान कोलेबिरा पुलिया के समीप चलती ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है. उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव सौंपा जायेगा.
रेलवे लाइन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट आए परवेज अंसारी
दूसरी घटना सीनी ओपी क्षेत्र के कमलपुर की है. यहां 50 वर्षीय परवेज अंसारी रेलवे लाइन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गये, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सुबह के समय ट्रैक पार करते वक्त अचानक ट्रेन आ जाने से वे संभल नहीं सके. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गौरतलब है कि दो दिन पूर्व टाटानगर और आसपास के रेलवे ट्रैक पर 24 घंटे में चार लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी है. अलग-अलग स्थानों लगातार हो रही इन घटनाओं ने रेलवे ट्रैक पार करने की खतरनाक प्रवृत्ति और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिये हैं.

 

Tags - Saraikela Rail Accident Saraikela Rail Accident Rail Accident in Saraikela Saraikela news Saraikela Rail Updates Sudhir Singh rail Accident parvej Ansari Rail Accident